अयोध्या : अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं. कभी शेयर मार्केट से लिंक निकल आता है तो कभी कुछ. अब तक 8 लोगों पर पुलिस की तलवार भी लटक गई. इधर एक के बाद एक नए नाम भी सामने आ रहे हैं. मगर, सोचिए कि आखिर ये चढ़ावा चोरी का खुलासा कैसे हुआ. कैसे समझ आया कि कोई बड़ा घोटाला हो रहा है. आइए समझते हैं सब.
राम मंदिर में दान की रकम में कथित चोरी का मामला किसी शिकायत से नहीं, बल्कि एक चौकीदार की ईमानदारी से सामने आया. जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मई के अंतिम सप्ताह में मंदिर परिसर के एक बाथरूम में करीब 40 हजार रुपये की नकदी छिपाकर रखी गई थी. गेट पर तैनात एक गार्ड की नजर इस पर पड़ी और उसने तुरंत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक ट्रस्टी को इसकी सूचना दी.




